भारतीय फुटबॉल टीम ने शानदार वापसी करते हुए चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 2-1 से हराकर सैफ चैंपियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। मंगलवार को बांग्लादेश की राजधानी ढाका के नेशनल स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल में भारत ने हाफ टाइम तक पिछड़ने के बाद दूसरे हाफ में दो गोल दागकर मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड 10वीं बार सैफ चैंपियनशिप का खिताब हासिल किया और लगातार तीसरी बार ट्रॉफी जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की।
मुकाबले के पहले हाफ में पाकिस्तान की टीम ने बेहतर खेल दिखाया और भारतीय खिलाड़ियों पर दबाव बनाए रखा। भारतीय टीम को गोल करने के कुछ मौके मिले, लेकिन पाकिस्तान के गोलकीपर यूसुफ बट ने शानदार बचाव करते हुए भारत को बढ़त बनाने से रोक दिया। पहले हाफ के इंजरी टाइम यानी 45+1वें मिनट में पाकिस्तान के अलमगीर गाजी ने शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इस गोल के साथ पाकिस्तान ने हाफ टाइम तक मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।
दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अपनाया और बराबरी के लिए लगातार हमले किए। मैच का निर्णायक मोड़ 59वें मिनट में आया, जब वीडियो असिस्टेंट रेफरी (VAR) की समीक्षा के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी जुनैद शाह को ब्रिसन फर्नांडिस पर खतरनाक फाउल के लिए रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बाद पाकिस्तान की टीम 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर हो गई।
इसका फायदा भारतीय टीम ने तुरंत उठाया। 60वें मिनट में सुहैल अहमद भट ने गोल दागकर भारत को 1-1 की बराबरी दिला दी। बराबरी के बाद भारतीय खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा और उन्होंने पाकिस्तान के गोल पोस्ट पर लगातार हमले जारी रखे। मुकाबला अंतिम समय तक बराबरी पर चल रहा था और ऐसा लग रहा था कि मैच अतिरिक्त समय में जा सकता है।
लेकिन 88वें मिनट में भारतीय डिफेंडर संदीप मंडी ने कॉर्नर किक पर शानदार हेडर लगाकर गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ भारत ने 2-1 की बढ़त हासिल कर ली। मैच के अंतिम मिनटों में पाकिस्तान ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने मजबूती से मुकाबला करते हुए अपनी बढ़त बरकरार रखी। आखिरकार रेफरी की अंतिम सीटी के साथ भारत ने खिताब पर कब्जा जमा लिया।
लगातार तीसरी बार भारत बना सैफ चैंपियन
इस जीत के साथ भारतीय फुटबॉल टीम ने सैफ चैंपियनशिप में अपना दबदबा कायम रखा। भारत ने अब तक कुल 10 बार यह खिताब जीता है। खास बात यह है कि भारतीय टीम ने लगातार तीसरी बार चैंपियनशिप अपने नाम की है। पाकिस्तान पहली बार सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचा था, लेकिन खिताब जीतने का उसका सपना अधूरा रह गया।
मैच के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भारतीय टीम को गार्ड ऑफ ऑनर देकर खेल भावना का शानदार उदाहरण पेश किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और हाथ मिलाकर खेल भावना का सम्मान किया। भारत की इस जीत से देशभर के फुटबॉल प्रशंसकों में खुशी की लहर है।










