स्टॉकहोम: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्रा के दौरान एक बार फिर देश का मान वैश्विक पटल पर बढ़ा है। स्वीडन सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक 'रॉयल ऑर्डर ऑफ पोलर स्टार, कमांडर ग्रैंड क्रॉस' (Royal Order of Polar Star Commander Grand Cross) से सम्मानित किया है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान किसी भी विदेशी शासनाध्यक्ष या सरकार के प्रमुख को दिए जाने वाला स्वीडन का सर्वोच्च और अत्यंत दुर्लभ सम्मान माना जाता है। इस नए सम्मान के जुड़ते ही प्रधानमंत्री मोदी को दुनिया भर के विभिन्न देशों से मिलने वाले अंतरराष्ट्रीय और वैश्विक सम्मानों की कुल संख्या अब 31 हो गई है।
द्विपक्षीय संबंधों को मिलेगी मजबूती
विशेषज्ञों के अनुसार, स्वीडन द्वारा दिया गया यह सर्वोच्च सम्मान दोनों देशों के बीच मजबूत होते कूटनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है। सम्मान समारोह की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें स्वीडिश अधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को यह विशेष पदक और प्रशस्ति पत्र सौंपते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बेहद गर्मजोशी भरे माहौल में मुलाकात हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले इस 31वें वैश्विक सम्मान को भारत की मजबूत होती विदेश नीति और वैश्विक नेतृत्व की बढ़ती साख के रूप में देखा जा रहा है। खेल, संगीत और कूटनीति के विभिन्न स्तरों पर दोनों देश लगातार अपने संबंधों को प्रगाढ़ कर रहे हैं।










