मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 जुलाई 2025 से 30 जुलाई 2025 तक चलाया गया राज्यव्यापी अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी” अब एक ऐतिहासिक जनआंदोलन के रूप में सामने आया है। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अभियान ने न केवल प्रदेशभर में व्यापक जनजागरूकता पैदा की, बल्कि विश्व स्तर पर भी पहचान बनाई।
मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रेरणा से शुरू किए गए इस अभियान को प्रदेश के 57 जिलों के 1175 पुलिस थानों में संचालित किया गया। अभियान में करीब 23 लाख लोगों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लिया, जबकि सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों से इसकी पहुंच 6.35 करोड़ लोगों तक रही।
अभियान की शुरुआत भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में डीजीपी कैलाश मकवाना द्वारा पोस्टर और मुख्यमंत्री के संदेश के विमोचन के साथ हुई थी। इस दौरान डीजीपी ने कहा कि नशा युवाओं को खोखला कर रहा है और परिवारों को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने इसे केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज का नैतिक दायित्व बताया।
पूरे अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों, औद्योगिक क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में रैलियां, मानव श्रृंखला, नुक्कड़ नाटक, शपथ कार्यक्रम, जागरूकता दौड़, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कई स्थानों पर छात्रों और युवाओं ने “Say No To Drugs” के संदेश के साथ जनजागरूकता रैलियां निकालीं। इंदौर में 7100 लोगों ने 6 किलोमीटर लंबी मानव श्रृंखला बनाकर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया।
अभियान में विभिन्न सरकारी विभागों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। ब्रह्माकुमारी, गायत्री परिवार, आर्ट ऑफ लिविंग, एनजीओ और नगर सुरक्षा समितियों ने गांव-गांव और शहर-शहर जाकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
बॉलीवुड अभिनेता Anupam Kher ने भी भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेकर अभियान की सराहना की और युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की थी।अभियान के तहत सोशल मीडिया, एफएम रेडियो, पोस्टर, बैनर, वीडियो संदेश, बसों और ट्रैफिक सिग्नलों पर डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से भी जागरूकता फैलाई गई। लोगों को हेल्पलाइन नंबर 1933 और 14446 के जरिए नशा मुक्ति सहायता से जोड़ने का प्रयास किया गया।










