भारत की अध्यक्षता में 14 और 15 मई को नई दिल्ली में आयोजित होने जा रही ब्रिक्स (BRICS) विदेश मंत्रियों की बैठक पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं। इस बैठक में वैश्विक सुरक्षा, बहुपक्षीय सहयोग, आर्थिक स्थिरता और पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडलों के शामिल होने की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची भी नई दिल्ली पहुंचेंगे। ईरानी दूतावास और विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अराघची 14-15 मई को होने वाली बैठक में भाग लेने के साथ-साथ भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।
ईरान के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि ईरान “क्षेत्रीय स्थिरता, बहुपक्षीय सहयोग और आर्थिक मजबूती” के मुद्दों पर भारत में आयोजित ब्रिक्स बैठक में सक्रिय भागीदारी करेगा। मंत्रालय ने यह भी संकेत दिया कि मौजूदा वैश्विक तनावों के बीच ब्रिक्स देशों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में पश्चिम एशिया की स्थिति, वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में सुधार जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। रूस और अन्य सदस्य देशों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की भागीदारी भी इस बैठक को खास बना रही है। भारत इस वर्ष ब्रिक्स की अध्यक्षता कर रहा है और सितंबर में प्रस्तावित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।








