बंगाल की खाड़ी में ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 समुद्री मील दूर पानामा-ध्वज वाला बल्क कैरियर MV Ocean Winner डूब गया। जहाज पर 24 चालक दल के सदस्य सवार थे। हादसे के बाद भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना ने संयुक्त खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया है।
भारतीय तटरक्षक बल के अनुसार, जहाज से 22 अगस्त को संपर्क टूटने की सूचना मिली थी। इसके बाद श्री विजयपुरम स्थित मैरीटाइम रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर (MRCC) ने खोज एवं बचाव अभियान सक्रिय किया। जहाज उस समय ओडिशा से लोहा लेकर सिंगापुर की ओर जा रहा था।
जहाज पर 20 चीनी, तीन म्यांमार और एक बांग्लादेशी नागरिक सहित कुल 24 लोग सवार थे। संकट की सूचना मिलने के बाद पास से गुजर रहे वाणिज्यिक जहाज MT Aisopos को भी खोज अभियान में लगाया गया। इस जहाज ने दो लाइफ राफ्ट से दो चालक दल सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया।
भारतीय तटरक्षक बल ने लापता लोगों की तलाश तेज कर दी है। इसके लिए ICGS Varad और ICGS Anmol को तैनात किया गया है, जबकि ICGS Vijit को श्री विजयपुरम से अभियान में शामिल किया गया है। भारतीय नौसेना ने भी अपने निगरानी विमान को खोज अभियान के लिए दोबारा तैनात किया।
अधिकारियों के मुताबिक, खोज अभियान के दौरान समुद्र में लाइफ राफ्ट और संभावित जीवित बचे लोगों का पता लगाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। फिलहाल जहाज के डूबने की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हुई है और 22 लापता चालक दल सदस्यों की तलाश जारी है।










